नप कर्मचारियों ने फुटपाथों व नालों पर रखे सामान को किया जब्त

जागरण संवाददाता, गोहाना : नगर परिषद के कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। नप कर्मचारियों ने शहर में दुकानों के बाहर फुटपाथों और नालों पर रखे सामान को जब्त किया। नप कर्मचारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि दोबारा दुकानों के बाहर सामान रखे मिलने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


नगर परिषद के ईओ राजेश वर्मा ने कर्मचारियों को शहर को अतिक्रमण से मुक्त कराने के निर्देश दे रखे हैं। ईओ के निर्देश पर सफाई निरीक्षक दुर्गा देवी और सफाई सुपरवाइजर राजेश पाराशर के नेतृत्व में कर्मचारी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर कार्यालय से निकले। कर्मचारी सबसे पहले सिविल रोड पर पहुंचे। सिविल रोड पर कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर फुटपाथ और नालों के स्लैब पर सामान रखा हुआ था। नप कर्मचारियों ने सामान को जब्त किया। इसके बाद नप के कर्मचारी शहर में पुराना बस स्टैंड, महावीर चौक और समता चौक में पहुंचे। पुराना बस स्टैंड और महावीर चौक में फुटपाथों पर लगी रेहड़ियों को हटाया गया। कर्मचारियों ने रेहड़ी संचालकों को निर्देश दिए कि वे अपनी रेहड़ी नगर परिषद द्वारा निर्धारित प्वाइंटों पर ही लगाएंगे। भविष्य में जो दुकानदार फुटपाथ पर रेहड़ी लगाए मिला उसकी रेहड़ी को जब्त कर लिया जाएगा। नप के कर्मचारियों ने शहर में फव्वारा चौक और बस स्टैंड के आसपास भी यह अभियान चलाया। फुटपाथों पर रेहड़ी या फड़ी लगा कर सामान की बिक्री करना गलत है। फुटपाथ पैदल आवाजाही करने वाले लोगों के लिए बनाए गए हैं। स्थानीय अदालत ने भी शहर को अतिक्रमण से मुक्त बनाने के आदेश दे रखे हैं। अदालत के आदेश की पालना करते हुए शहर में लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। रेहड़ी वाले दुकानदार नप द्वारा निर्धारित प्वाइंटों पर ही रेहड़ी लगाएं।


- राजेश वर्मा, ईओ, नप गोहाना


Posted By: Jagran